असम: एक बार फिर दिल दहला देने वाला ट्रेन हादसा सामने आया है। असम में राजधानी एक्सप्रेस की टक्कर से 8 हाथियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में ट्रेन के कम से कम 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि अब तक किसी यात्री के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि जिन डिब्बों के पटरी से उतरने की खबर है, उनमें यात्री मौजूद हो सकते हैं।
घटना के बाद वन विभाग जांच में जुट गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हाथी रेलवे ट्रैक पर कैसे आए और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। रेलवे प्रशासन ने भी हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में हाथियों के साथ ट्रेन दुर्घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं। लंबे समय से इस मार्ग पर सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि लापरवाही के चलते एक बार फिर बेशकीमती वन्यजीवों की जान चली गई।
हादसे के बाद संबंधित रेल मार्ग पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। ट्रेनों की आवाजाही ठप होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखी गई। कई लोग रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध जताने लगे। बाद में आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इस हादसे ने एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।