कोलकाता के पाइकपाड़ा इलाके में शनिवार सुबह अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट एक बंद पड़े क्लब के अंदर हुआ, जिसके बाद आसपास के लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे के आसपास अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कई लोगों ने बताया कि एक के बाद एक कई धमाकों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाका इतना तेज था कि क्लब की टिन की छत उड़कर पास के एक घर की छत पर जा गिरी और आसपास के कुछ घरों की खिड़कियां भी हिल गईं।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। इसके बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, ताकि यह जांच की जा सके कि कहीं वहां और विस्फोटक तो मौजूद नहीं हैं। दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची और क्लब के अंदर लगी आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिस क्लब में विस्फोट हुआ, वह काफी समय से बंद पड़ा था। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उस जगह पर पहले से बम या विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। संभव है कि उन्हीं में से किसी के फटने से यह धमाका हुआ हो। फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
विस्फोट के बाद इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है। कई स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह विस्फोटक का होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग भी की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्लब के अंदर विस्फोटक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।