उत्तरी बंगाल के चर्चित यूट्यूबर जोड़ी बोंग मीडिया के उज्ज्वल और एंजेल प्रिया ने अपनी शादी के तुरंत बाद एक मानवीय उदाहरण पेश किया है। दोनों ने अपने विवाह में प्राप्त उपहारों को जरूरतमंद और दीन-दुखियों में बाँटकर समाजसेवा की एक अनोखी मिसाल स्थापित की। यह वितरण कार्यक्रम कल सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गरीब लोग लाभान्वित हुए।
नवविवाहित इस जोड़ी ने कहा कि यह कदम लंबे समय से उनकी इच्छा थी और शादी के बाद इसे पूरा करने का अवसर मिला। उज्ज्वल ने बताया, “हम हमेशा चाहते थे कि हमारी खुशी सिर्फ हमारे तक सीमित न रहे। जिन लोगों के पास साल भर में खुशी के एक पल के लिए भी इंतज़ार करना पड़ता है, उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारे लिए सबसे बड़ा तोहफा है।”
एंजेल प्रिया ने भी भावुक होकर कहा, “आज जब हमनें उन लोगों के चेहरे पर सच्ची खुशी देखी, तो लगा कि हमारी शादी का सबसे अर्थपूर्ण पहलू यही है। उनका आशीर्वाद ही हमारे आने वाले जीवन को और सुंदर तथा सुखद बनाएगा।”
स्थानीय लोगों और प्रशंसकों द्वारा उज्ज्वल और एंजेल की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है। समाजसेवा के इस कार्य ने न केवल उनके मानवीय चेहरे को और उज्ज्वल किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि व्यक्तिगत खुशी को समाज के साथ बाँटने से ही वह पूर्ण होती है।