सिलीगुड़ी के भूटिया मार्केट के समीप पश्चिम बंगाल मत्स्य विभाग की ओर से सरकारी मछली की बिक्री की जा रही है। विभिन्न किस्मों की मछलियाँ अलग-अलग दामों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम लोगों में इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मछली विक्रेताओं ने बताया कि मछलियों की प्रजाति के अनुसार कीमतों में अंतर है। सरकारी व्यवस्था के तहत बिकने वाली मछली की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण लोग यहां से मछली खरीदना पसंद करते हैं। मछली खरीदने के लिए कई बार लोगों की कतार भी लग जाती है।
पूरे भूटिया मार्केट क्षेत्र में मछली की बिक्री काफी तेज़ है। विक्रेताओं के अनुसार, बाजार में मछली के दामों में उतार-चढ़ाव होना सामान्य बात है, लेकिन इसके बावजूद बिक्री अच्छी हो रही है।
एक विक्रेता ने बताया,
“मछली के दामों में कभी कमी-बढ़ोतरी होती रहती है, लेकिन सरकारी मछली होने की वजह से लोगों का भरोसा बना रहता है। इसलिए हमारी बिक्री अच्छी हो रही है।”
मत्स्य विभाग की इस पहल से आम उपभोक्ता संतुष्ट नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इस तरह की सरकारी मछली बिक्री नियमित रूप से की जाए, तो मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।