जामनगर: फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी को अंबानी परिवार की ओर से एक अनोखा और यादगार सम्मान दिया गया है। भारत दौरे का कार्यक्रम बढ़ाकर विशेष व्यवस्था के तहत मेस्सी गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा पहुंचे, जहां उनके सम्मान में एक शेर के शावक का नाम ‘लियोनेल’ रखा गया।
सूत्रों के अनुसार, विदेशी मेहमान के रूप में मेस्सी के स्वागत में अंबानी परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी। भव्य आतिथ्य के साथ-साथ अनंत और राधिका अंबानी ने मेस्सी के लिए यह खास सरप्राइज रखा, जिसने उनके प्रशंसकों के बीच भी उत्साह पैदा कर दिया है।
करीब 3000 एकड़ में फैले वनतारा में इस समय 43 प्रजातियों के लगभग 2000 जानवर मौजूद हैं। यह एशिया के दुर्लभ शेरों, हिम तेंदुए, एक सींग वाले गैंडे सहित कई संकटग्रस्त प्रजातियों का सुरक्षित आश्रय स्थल है। इसी प्राकृतिक और संरक्षित वातावरण में ‘लियोनेल’ नाम का शेर शावक बड़ा होगा।
कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली की यात्रा के बाद मेस्सी अपने दो साथी खिलाड़ियों लुइस सुवारेज़ और रोड्रिगो डी’पॉल के साथ वनतारा पहुंचे। यहां अंबानी परिवार के सदस्यों ने तीनों खिलाड़ियों का पारिवारिक अतिथि की तरह गर्मजोशी से स्वागत किया।
वनतारा परिसर में स्थित मंदिर में मेस्सी ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा भी की। रुद्राक्ष की माला धारण कर सिर झुकाकर प्रार्थना करते हुए मेस्सी के साथ सुवारेज़ और डी’पॉल भी नजर आए। अनंत अंबानी ने स्वयं उन्हें पूरे चिड़ियाघर का भ्रमण कराया और विभिन्न जानवरों से परिचित कराया।
इस अनुभव से अभिभूत मेस्सी ने कथित तौर पर कहा कि भविष्य में भारत आने पर वह अंबानी परिवार की मेहमाननवाज़ी को फिर से स्वीकार करने में खुशी महसूस करेंगे।