हावड़ा: हावड़ा के सालकिया इलाके के कैवर्तपाड़ा लेन में एक बंद फ्लैट से एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बरामद किया।
मृतक की पहचान देवब्रत पाल उर्फ बाप्पा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव फ्लैट के भीतर संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ था, जिस पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
हैरानी की बात यह है कि उसी फ्लैट के अंदर से दो नाबालिगों को भी बरामद किया गया है। दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बंद फ्लैट के भीतर वे दोनों नाबालिग क्या कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि इस हत्या में उन दोनों नाबालिगों की संलिप्तता हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।