कोलकाता: बीएलओ अधिकार रक्षा समिति के सदस्यों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “चुनाव आयोग हाय हाय” के नारे लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बीएलओ (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) बीएलओ ऐप में नए फीचर और अतिरिक्त कार्य जोड़ने के फैसले से नाराज़ हैं और इस काम को करने से इनकार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बिना किसी अतिरिक्त सुविधा या सुरक्षा के उन पर लगातार काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है।
इसी के विरोध में बीएलओ अधिकार रक्षा समिति के सदस्य सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सामने 48 घंटे का धरना देंगे।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक के बाद एक बैरिकेड हटा दिए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक आश्वासन नहीं दिया गया है। बीएलओ अधिकार रक्षा समिति ने साफ किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।